
ड्रग्स तस्कर से कथित साठगांठ के आरोप में 7 पुलिसकर्मियों का तबादला, 4 इंस्पेक्टर भी शामिल
साहिल संवाददाता संदेश धारा
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस आयुक्त ने ड्रग्स तस्करी से जुड़े एक मामले में गंभीर अनियमितताओं और कथित साठगांठ के आरोपों के बाद चार इंस्पेक्टर समेत सात पुलिसकर्मियों का तबादला तीसरी बटालियन में कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई मजनू का टीला क्षेत्र की रहने वाली ममता नामक महिला से जुड़े एक पुराने मामले की समीक्षा के बाद की गई।
बताया जाता है कि करीब ढाई वर्ष पहले संबंधित पुलिसकर्मियों की तैनाती सिविल लाइंस थाना, मजनू का टीला चौकी और नारकोटिक्स यूनिट में थी। वर्तमान में ये सभी अलग-अलग जिलों और विशेष इकाइयों में कार्यरत थे
सूत्रों के अनुसार, उस समय मजनू का टीला चौकी के प्रभारी विजय मान थे। इसी दौरान तत्कालीन नारकोटिक्स यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र की टीम ने मजनू का टीला क्षेत्र में छापेमारी कर ममता नामक महिला को ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था।
पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में अमित भाटी नामक व्यक्ति को ममता का “बॉयफ्रेंड” बताया गया था। आरोप है कि जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी मिल गई थी कि अमित भाटी दिल्ली पुलिस में सिपाही है, लेकिन उसे न तो गिरफ्तार किया गया और न ही आरोपपत्र (चार्जशीट) में उसका उल्लेख किया गया। आरोप यह भी है कि उससे पूछताछ तक नहीं की गई, जिससे उसे बचाने के प्रयास के आरोप लगे।
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब इस केस की सुनवाई अदालत में शुरू हुई। अदालत में ममता द्वारा दिए गए बयान के बाद मामले की दोबारा समीक्षा की गई, जिसके आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उनका तबादला कर दिया गया।
हालांकि, इस मामले में अभी तक दिल्ली पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विभागीय जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

