नेताओं के वादे निकले हवा-हवाई, “एक ईंट नहीं टूटने देंगे” का दावा हुआ धराशायी
वार्ड-185 मदनपुर खादर एक्सटेंशन पार्ट-3 में MCD का बुलडोजर, वार्ड-184 में भी कई इमारतों को जारी हुए शो-कॉज नोटिस
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के वार्ड नंबर-185 मदनपुर खादर एक्सटेंशन पार्ट-3 स्थित मक्की मस्जिद कॉलोनी में नगर निगम (MCD) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई बहुमंजिला इमारतों पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान कई निर्माणों को आंशिक रूप से ध्वस्त किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के समय कई नेताओं ने दावा किया था कि “एक ईंट भी नहीं टूटने देंगे”, लेकिन अब उन्हीं इलाकों में दर्जनों इमारतें MCD की कार्रवाई की जद में आ चुकी हैं। इससे उन लोगों में भारी निराशा है जिन्होंने नेताओं के आश्वासनों पर भरोसा किया था।
सूत्रों के अनुसार, वार्ड नंबर-184 में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी तेज हो गई है। कई बहुमंजिला इमारतों के मालिकों को शो-कॉज नोटिस जारी किए गए हैं। नियमानुसार जवाब संतोषजनक न मिलने पर इन भवनों पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण के शुरुआती चरण में ही नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाता और समय पर रोक लगाई जाती, तो आज लोगों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना नहीं करना पड़ता। लोगों ने यह भी मांग की है कि केवल भवन मालिकों पर ही नहीं, बल्कि यदि किसी स्तर पर नियमों के उल्लंघन या लापरवाही की जांच में जिम्मेदारी सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
MCD की इस कार्रवाई के बाद पूरे मदनपुर खादर क्षेत्र में अवैध निर्माण को लेकर हलचल तेज हो गई है और आगामी दिनों में अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

