गूगल मैप्स और मैपमायइंडिया पर मिलेगा एक्सीडेंट-प्रोन जोन का अलर्ट, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई पहल
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 7 अगस्त। राजधानी में सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तकनीक आधारित एक नई पहल शुरू की है। अब दिल्ली की सड़कों पर सफर करने वाले वाहन चालकों को Google Maps और MapMyIndia के माध्यम से दुर्घटना संभावित (Accident-Prone) क्षेत्रों के पास पहुंचने पर स्वतः अलर्ट प्राप्त होगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य वाहन चालकों को पहले से सतर्क करना है ताकि वे दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतें और सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। यह सुविधा यात्रियों को सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग के लिए प्रेरित करेगी।
इसके अलावा, अब डिजिटल नेविगेशन प्लेटफॉर्म पर दिल्ली की विभिन्न सड़कों की निर्धारित अधिकतम गति सीमा (Maximum Speed Limit) भी प्रदर्शित की जाएगी। इससे वाहन चालक सड़क की गति सीमा से अवगत रहेंगे और निर्धारित स्पीड का पालन करने में सुविधा होगी, जिससे तेज रफ्तार के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि यह पहल MapMyIndia और Google India के सहयोग से लागू की जा रही है। इसके तहत सड़क की स्थिति, ट्रैफिक जाम, भारी यातायात, डायवर्जन, सड़क अवरोध और अन्य ट्रैफिक संबंधी जानकारियां पहले से ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से यात्रियों तक पहुंचाई जा रही हैं। अब इसमें सड़क सुरक्षा से जुड़ी नई सुविधाओं को भी शामिल किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात मुख्यालय) विजयंता गोयल आर्य, आईपीएस ने कहा कि तकनीक आधारित इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को समय पर उपयोगी और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराकर सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना तथा दिल्ली में सुरक्षित, स्मार्ट और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

