आधी रात पूर्व महापौर के घर पहुंची पुलिस टीम, LG से शिकायत
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व महापौर एवं सामाजिक कार्यकर्ता फरहाद सूरी ने 22/23 अगस्त की मध्यरात्रि करीब एक बजे उनके ईस्ट निजामुद्दीन स्थित आवास पर पुलिस टीम के पहुंचने को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल से शिकायत की है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और अन्य लोग बिना वारंट उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें नीचे आने के लिए कथित तौर पर धमकी भरे लहजे में बुलाया।

शिकायत के अनुसार, पुलिस टीम का नेतृत्व एसीपी सूर्यबली मौर्य कर रहे थे। उनके साथ एसआई सोहनवीर सिंह, एसआई विकास कुमार, एसआई मनोज बाल्यान, एसआई अनुज कुमार और एसआई अंकित शुक्ला सहित करीब 30 अन्य व्यक्ति मौजूद थे। सूरी का कहना है कि जब उन्होंने कार्रवाई का कारण पूछा तो उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई और उनके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया।
पूर्व महापौर ने शिकायत में कहा है कि घटना के बाद वह मानसिक तनाव में हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकारी वाहनों के अलावा करीब 10-15 अन्य वाहन मौके पर मौजूद थे, जो कथित तौर पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पंजीकृत दिखाई दे रहे थे।
सूरी ने उपराज्यपाल से मामले में एफआईआर दर्ज कराने, मौके पर पहुंचे व्यक्तियों एवं वाहनों की पहचान और आवश्यक जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित व्यक्तियों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कराने का अनुरोध भी किया है।
शिकायत की एक प्रति दिल्ली पुलिस आयुक्त को भी भेजी गई है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस शिकायत में लगाए गए आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पूरे मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

