निर्माण चौक पर DDA की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का आरोप, बिल्डिंग मटेरियल और वाहनों की पार्किंग से लाखों की वसूली का दावा
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली। मदनपुर खादर एक्सटेंशन। जेजे कॉलोनी, मदनपुर खादर एक्सटेंशन स्थित निर्माण चौक पर गुप्ता बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर के नाम से संचालित दुकान को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार निर्माण चौक पर DDA की जमीन का कथित रूप से व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है।

आरोप है कि उक्त स्थान पर बिल्डिंग मटेरियल रखने के साथ-साथ निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी और निजी वाहनों की पार्किंग भी संचालित की जा रही है। स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि इस गतिविधि के माध्यम से प्रतिमाह लाखों रुपये की वसूली की जा रही है।
सबसे गंभीर सवाल यह है कि यदि जमीन वास्तव में DDA के स्वामित्व में है और वहां किसी प्रकार के कब्जे या व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति नहीं है, तो इतने बड़े स्तर पर गतिविधियां लंबे समय से कैसे संचालित हो रही हैं?
स्थानीय लोगों का आरोप यह भी है कि संबंधित विभागों के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित मिलीभगत अथवा संरक्षण के कारण कार्रवाई नहीं हो रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले में DDA तथा संबंधित स्थानीय निकाय के अधिकारियों से यह जांच करना आवश्यक है कि उक्त जमीन का स्वामित्व किसके पास है, वहां किसी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति है या नहीं तथा बिल्डिंग मटेरियल, मशीनरी और वाहनों की पार्किंग के लिए कोई वैध अनुमति अथवा लाइसेंस जारी किया गया है या नहीं।
यदि जांच में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा या अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधि की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार व्यक्तियों के साथ-साथ कथित संरक्षण देने वाले अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए।
सवाल यह है कि DDA की जमीन पर कथित रूप से चल रही इस गतिविधि पर संबंधित विभाग कब कार्रवाई करेगा?

