मदनपुर खादर फायरिंग कांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
बाहरी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने भी दो कथित फायरिंग करने वालों को दबोचा, मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मदनपुर खादर स्थित जेजे कॉलोनी में बाबलू डेयरी के पास 2 सितंबर की देर रात हुई फायरिंग के मामले में दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। वहीं, जांच के दौरान सामने आए दो अन्य आरोपियों को बाहरी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने राज पार्क थाने के एक अलग मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इन दोनों पर फायरिंग में कथित रूप से शामिल होने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की रात करीब 11:45 बजे बाबलू डेयरी, जेजे कॉलोनी, मदनपुर खादर में फायरिंग की सूचना PCR के जरिए मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कथित तौर पर व्यक्तिगत रंजिश को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान डोलवाला के कार्यालय के अंदर दो-तीन राउंड फायर किए गए। घटना में शिकायतकर्ता रोहित (23) के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली में चोट आई।
जांच में कई नाम सामने आए
घटना के बाद कालिंदी कुंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ-साथ तकनीकी निगरानी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। एक स्वतंत्र प्रत्यक्षदर्शी ने भी कथित तौर पर आरोपियों की मौजूदगी और विवाद के बाद फायरिंग की पुष्टि की।
जांच के दौरान भूपेंद्र उर्फ गुड्डू उर्फ डोलवाला (33) की भूमिका कथित साजिशकर्ता के तौर पर सामने आई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तीन दिन की पुलिस हिरासत रिमांड हासिल की।
इसके बाद दक्षिण-पूर्वी जिला स्पेशल स्टाफ ने तकनीकी निगरानी के आधार पर दीपक उर्फ भगत (30), अविनाश उर्फ राहुल (23) और राज (21) को गिरफ्तार किया।
दो कथित फायरिंग करने वाले भी गिरफ्तार
जांच में मोनू और अभिषेक उर्फ बचकंडा के नाम भी सामने आए। पुलिस के मुताबिक, दोनों पर घटना के दौरान कथित रूप से गोली चलाने का आरोप है। दोनों को बाहरी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने राज पार्क थाने में दर्ज FIR संख्या 535/2026 के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में BNS की धारा 109(1)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत कार्रवाई की गई है।
गांजा बिक्री और कथित वसूली को लेकर विवाद
पुलिस के अनुसार पूछताछ में भूपेंद्र उर्फ गुड्डू ने कथित तौर पर बताया कि उसका मामा का बेटा दीपक उर्फ पर्चा, जो गोविंदपुरी का रहने वाला है, उसे इलाके में गांजा बेचने के लिए राजी कर रहा था। पुलिस के मुताबिक दीपक उर्फ पर्चा पर गांजा कारोबार और जुए से जुड़े होने तथा पूर्व में चार आपराधिक मामलों में संलिप्तता का आरोप है।
जांच के मुताबिक, तरुण उर्फ रंजन ने कथित तौर पर इस गतिविधि का विरोध किया और सुरक्षा के नाम पर पैसे मांगने तथा धमकी देने का आरोप सामने आया। इसके बाद कथित रूप से दीपक उर्फ पर्चा और उसके साथियों ने बदला लेने की योजना बनाई, जिसके बाद 2 सितंबर को फायरिंग की घटना हुई।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूछताछ में सामने आए इन खुलासों का स्वतंत्र साक्ष्यों के माध्यम से सत्यापन और corroboration किया जा रहा है।
चाकूबाजी मामले से मिला अहम सुराग
पुलिस के अनुसार 5 सितंबर को बाहरी जिले के राज पार्क थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना की PCR कॉल मिली थी। इस मामले की जांच के दौरान अभिषेक उर्फ बचकंडा और मोनू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभिषेक ने कथित तौर पर मदनपुर खादर फायरिंग मामले में उनकी भूमिका के संबंध में जानकारी दी, जिसे पुलिस ने जांच में अहम सुराग माना।
मुख्य साजिशकर्ता की तलाश
पुलिस का कहना है कि दक्षिण-पूर्वी जिले में गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां फायरिंग की पूरी कड़ी, प्रत्येक आरोपी की भूमिका और घटना के पीछे के कथित मुख्य साजिशकर्ता दीपक उर्फ पर्चा सहित फरार आरोपियों का पता लगाने में जुटी हैं।
पुलिस की कई टीमें तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश कर रही हैं। कार्रवाई DCP दक्षिण-पूर्वी जिला विनीत कुमार, IPS की निगरानी में तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की जा रही है।

