राजा राम तेंदुलकर पार्क के मुख्य गेट पर कबाड़ी का कथित कब्जा, जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल
ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में पार्क के प्रवेश द्वार पर अतिक्रमण से लोगों को परेशानी
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली। ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित राजा राम तेंदुलकर पार्क के मुख्य गेट पर कबाड़ी द्वारा कथित तौर पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास कबाड़ एवं अन्य सामान रखे जाने से रास्ते में अवरोध पैदा हो रहा है और पार्क में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बने पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार पर किसी निजी व्यक्ति द्वारा इस तरह सामान फैलाकर जगह का इस्तेमाल किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि यदि पार्क के गेट और उसके आसपास सरकारी अथवा सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण है तो संबंधित विभाग को तत्काल मौके का निरीक्षण कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
पार्क के गेट पर ही कब्जा तो अंदर की सुरक्षा का क्या?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पार्क के मुख्य गेट के सामने कथित अतिक्रमण दिखाई दे रहा है, तो संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ रही? क्या नियमित निरीक्षण के दौरान इस प्रकार के अतिक्रमण की जांच नहीं होती?
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि एमसीडी एवं संबंधित विभाग संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण करें, यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाया जाए और सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। साथ ही यह भी जांच होनी चाहिए कि कबाड़ रखने की अनुमति संबंधित व्यक्ति को किस आधार पर मिली है।
संदेश धारा का सवाल: सार्वजनिक पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार पर कथित अतिक्रमण यदि लंबे समय से मौजूद है, तो जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक क्या कार्रवाई की? लोगों को कार्रवाई का इंतजार है।

