नशा तस्करी सिंडिकेट पर दिल्ली पुलिस का बड़ा प्रहार, 3.72 करोड़ रुपये की अवैध कमाई फ्रीज, आठ आरोपी गिरफ्तार
1.383 किलोग्राम स्मैक बरामद, फरीदाबाद तक फैले नेटवर्क का खुलासा; वर्ष 1976 में सक्षम प्राधिकरण की स्थापना के बाद उत्तर भारत में सबसे बड़ी फ्रीजिंग कार्रवाई होने का दावा
विशेष संवाददाता संदेश धारा
नई दिल्ली,। दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित नशा तस्करी नेटवर्क की 3,71,98,560 रुपये की अवैध नकदी से संबंधित फ्रीजिंग आदेश प्राप्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 1.383 किलोग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान नशे की स्थानीय स्तर पर बिक्री करने वालों से लेकर कथित बिचौलियों, सप्लायरों और फरीदाबाद, हरियाणा में सक्रिय बड़े स्टॉकिस्टों तक के संबंध सामने आए हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई थाना ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 225/2026 की जांच के दौरान की गई। जांच की शुरुआत स्थानीय स्तर पर मादक पदार्थों की बिक्री में कथित रूप से शामिल लोगों की गिरफ्तारी से हुई। इसके बाद पुलिस ने नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाया और कथित तौर पर नशे की आपूर्ति तथा आर्थिक लेन-देन से जुड़े लोगों तक पहुंच बनाई।
आठ आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की कड़ियों की जांच
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किरण उर्फ राम प्रसाद, नीरज उर्फ थापा, अशोक उर्फ रामू, मनिया उर्फ सुमन पाठक, विक्की, गुड्डू, सुनीत उर्फ नन्हे और गोपी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ मामले की जांच के दौरान मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ कथित अवैध कमाई का वित्तीय ब्योरा भी जुटाया।
3.72 करोड़ रुपये की रकम पर फ्रीजिंग आदेश
मामले की वित्तीय जांच के तहत सक्षम प्राधिकरण से 3,71,98,560 रुपये की कथित अवैध नकदी से संबंधित फ्रीजिंग आदेश जारी कराए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आदेश की एक प्रति आरोपी सुनीत उर्फ नन्हे को प्राप्त करा दी गई है। वहीं, आरोपी गोपी सिंह फिलहाल हरियाणा के फरीदाबाद में एक अन्य मामले के संबंध में जेल में बंद है। उसके संबंध में फ्रीजिंग आदेश की प्रति संबंधित जेल प्रशासन के माध्यम से तामील कराई जानी है।
उत्तर भारत में सबसे बड़ी कार्रवाई होने का दावा
दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, वर्ष 1976 में सक्षम प्राधिकरण की स्थापना के बाद से उत्तर भारत में यह फ्रीजिंग आदेश के तहत सबसे बड़ी राशि की कार्रवाई है। इस कार्रवाई को नशा तस्करी से अर्जित कथित अवैध संपत्ति पर आर्थिक चोट पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वित्तीय लेन-देन और अन्य संपत्तियों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच एजेंसियां कथित अवैध कमाई के पूरे वित्तीय लेन-देन का पता लगाने, अन्य संपत्तियों की पहचान करने और नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अतिरिक्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं।
यह कार्रवाई दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के नेटवर्क को केवल जमीनी स्तर पर ही नहीं, बल्कि उसकी कथित आर्थिक जड़ों पर भी प्रहार करने के प्रयास के रूप में देखी जा रही है।

