
विशेष संवाददाता, संदेश धारा –
नई दिल्ली। नॉर्थ-ईस्ट जिले में पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थानों में तैनात 40 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई उनके कार्यक्षेत्र में अवैध कारोबार के फल-फूलने की शिकायतों के बाद की गई है।
सूत्रों के अनुसार, डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट द्वारा करवाई गई गोपनीय जांच में यह सामने आया कि संबंधित पुलिसकर्मी अपने-अपने इलाकों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने में विफल रहे। जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद उच्च अधिकारियों ने सख्त कदम उठाने का फैसला लिया।
बताया जा रहा है कि अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में लापरवाही और संभावित मिलीभगत की भी जांच की गई, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।
पुलिस विभाग का कहना है कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की शिकायतों पर कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

