
गुलफाम सैफी, संदेश धारा –
हापुड़ जनपद के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में मंगलवार को अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। एसडीएम गढ़मुक्तेश्वर ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव गंदु नगला में चल रहे अवैध खनन को मौके पर पकड़ा। टीम ने अवैध खनन में संलिप्त चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर थाना बहादुरगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया गया कि एसडीएम गढ़मुक्तेश्वर को सूचना मिली थी कि थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव गंदु नगला में दिनदहाड़े अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां खनन कार्य चलता हुआ पाया गया। कार्रवाई के दौरान चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी मशीन को पकड़कर थाना बहादुरगढ़ लाया गया।
पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।

