पुल प्रहलादपुर वार्ड-179 के सूरज अपार्टमेंट में अवैध निर्माण जारी
नई दिल्ली | सूरजकुंड मार्ग | पुल प्रहलादपुर
पुल प्रहलादपुर वार्ड-179 स्थित सूरज अपार्टमेंट के मकान संख्या 2, 5, 8 व 11 में दिल्ली विकास प्राधिकरण के फ्लैटों को तोड़कर निजी बिल्डर द्वारा अवैध रूप से पुनर्निर्माण कार्य लगातार जारी है। हैरानी की बात यह है कि इस मामले के अख़बारों में प्रकाशित होने के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
नियमों के अनुसार डीडीए फ्लैटों का निर्माण अथवा पुनर्निर्माण केवल डीडीए द्वारा, स्वीकृत नक्शे और भवन उपविधियों के अनुसार ही किया जा सकता है, लेकिन यहां इन नियमों को ताक पर रखकर निजी बिल्डर अपने मनमाने तरीके से निर्माण कर रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यह अवैध निर्माण कुछ अधिकारियों के संरक्षण में हो रहा है, तभी तो कार्य खुलेआम चलता रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले सरकारी फ्लैटों को गिराया गया और अब बिना किसी वैध स्वीकृति के ढांचे में परिवर्तन, अतिरिक्त निर्माण और स्वरूप बदलने का कार्य किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की जा रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की जान और संपत्ति को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
मीडिया द्वारा मामला उजागर किए जाने के बाद भी डीडीए, नगर निगम और जिला प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। क्या नियम केवल आम नागरिकों के लिए हैं, या फिर सरकारी संपत्ति पर भी मनमानी की खुली छूट है?
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही अवैध निर्माण पर रोक नहीं लगाई गई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे मजबूर होकर सतर्कता विभाग, उपराज्यपाल कार्यालय और न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।