
दुखद समाचार: ड्यूटी के दौरान उपनिरीक्षक का आकस्मिक निधन
विशेष संवाददाता, संदेश धारा- बांदा।
पुलिस लाइन बांदा में तैनात उपनिरीक्षक (उ0नि0) धीरेन्द्र कुमार सिंह का रविवार को ड्यूटी के दौरान अचानक असामयिक निधन हो गया। यह घटना आज दिनांक 08 फरवरी 2026 की है, जब वे पुलिस लाइन परिसर में अचानक गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही उन्हें तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल बांदा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार सिंह 1987 बैच के एक कर्मठ, अनुशासित एवं अनुभवी पुलिस अधिकारी थे। वे मूल रूप से प्रयागराज जनपद के निवासी थे। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सहकर्मी एवं स्टाफ जिला अस्पताल पहुंचे और गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बांदा पुलिस परिवार ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि इस दुःख की घड़ी में विभाग परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

