
RTI के नाम पर कथित वसूली का मामला, कई निजी अस्पताल जांच के दायरे में
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट 2 क्षेत्र में RTI के कथित दुरुपयोग को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कुछ निजी अस्पतालों के लीगल दस्तावेज़ों में कथित खामियों का हवाला देकर RTI दाखिल की गई और उसके बाद दबाव बनाकर पैसों की मांग किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार इस मामले में केवल Apex Hospital ही नहीं, बल्कि Feliz Hospital, Fatima Hospital, Maas Hospital सहित अन्य निजी अस्पतालों के नाम भी सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि RTI के माध्यम से जानकारी प्राप्त करने के बाद संबंधित संस्थानों को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर कथित रूप से समझौते का दबाव बनाया गया।
हालांकि, इस पूरे प्रकरण में अब तक किसी सरकारी विभाग या जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, संबंधित अस्पताल प्रबंधन की तरफ से भी फिलहाल कोई लिखित या औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इस मामले के सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या RTI जैसे पारदर्शिता के कानून का उपयोग निजी लाभ के लिए किया जा रहा है।
कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह RTI अधिनियम की भावना के खिलाफ है और इसकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।
👉 सभी संबंधित पक्षों का पक्ष आने के बाद समाचार को अपडेट किया जाएगा।

