
मथुरा रोड पर भीषण सड़क हादसा: 19 वर्षीय छात्र की मौत, एक गंभीर
संदेश धारा- ब्यूरो डेस्क –
नई दिल्ली। थाना New Friends Colony क्षेत्र के अंतर्गत मथुरा रोड स्थित मोदी मिल फ्लाईओवर के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
PCR कॉल और मौके की स्थिति
13 फरवरी 2026 को तड़के लगभग 12 से 1 बजे के बीच पुलिस को जीडी नंबर 05ए के तहत सूचना मिली कि मथुरा रोड पर एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि सरिता विहार की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी जाम लगा हुआ है और राहगीरों की ओर से लगातार बड़े हादसे की सूचना दी जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच के अनुसार, स्कूटी (DL3SFG5650) को बदरपुर की ओर जा रहे एक ट्रक (RJ11GD2062) ने टक्कर मार दी। बताया गया है कि ट्रक किराना सामान से लदा हुआ था और बदली से नागपुर जा रहा था। ट्रक में चालक के अलावा कोई क्लीनर मौजूद नहीं था।
मृतक और घायल की पहचान
मृतक: मानव (19 वर्ष), पुत्र श्री राजेंद्र, निवासी सराय जुलेना। वह छात्र था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घायल: मोहम्मद साद (21 वर्ष), पुत्र इरशाद हैदर, निवासी गफ्फार मंजिल, जामिया नगर। वह भी छात्र है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। स्कूटी उसके पिता के नाम पंजीकृत है।
आरोपी चालक हिरासत में
ट्रक चालक जाहुल (32 वर्ष), निवासी नूंह, हरियाणा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह पिछले दो वर्षों से ट्रक मालिक राशिद के यहां कार्यरत बताया जा रहा है। चालक ने ड्राइविंग लाइसेंस और बीमा होने का दावा किया है, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
घटनास्थल से कोई हेलमेट बरामद नहीं हुआ।
संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है, साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

