
रामवीर सिंह बिधूडी ने किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण
कुंदन संवाददाता,
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने शुक्रवार को तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र के हरकेश नगर वार्ड में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की भारी उपस्थिति रही।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बिधूड़ी ने कहा कि यह केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से मरीजों को प्राथमिक उपचार, आवश्यक जांचें तथा जरूरी दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर “आरोग्यं परमं धनम्” — अर्थात स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है — के मूल मंत्र को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर हरकेश नगर की निगम पार्षद ममता ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आम नागरिकों को संपूर्ण इलाज मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को विशेष राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला मजिस्ट्रेट, एसडीएम, रोहताश कुमार, अमित बिधूड़ी, पवन प्रताप सिंह, मुकेश पंडित सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

