
कालकाजी में Kailash Satyarthi Children Foundation के कार्यालय का ताला तोड़ा, FIR दर्ज
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 28 फरवरी 2026। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी क्षेत्र में स्थित कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रन्स फाउंडेशन के कार्यालय में ताला तोड़कर घुसपैठ का मामला सामने आया है। सुबह 10:08 बजे थाना कालकाजी में DD नंबर 36A के तहत PCR कॉल प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, कॉल फाउंडेशन के एडमिन हेड फराज आलम ने की। प्रारंभिक जांच में जबरन प्रवेश के स्पष्ट साक्ष्य मिले हैं। चोरी हुए सामान की सूची फिलहाल उपलब्ध नहीं है, क्योंकि फाउंडेशन द्वारा इन्वेंट्री ऑडिट के बाद ही विस्तृत विवरण दिया जाएगा।
घटनास्थल को सुरक्षित कर दक्षिण-पूर्व जिला की क्राइम टीम ने फॉरेंसिक निरीक्षण किया। टीम ने मौके से कई संदिग्ध फिंगरप्रिंट (चांस प्रिंट) उठाए हैं, जिन्हें बायोमेट्रिक विश्लेषण के लिए भेजा गया है। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
- पुलिस ने प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 305 एवं 331(4) के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

