
विजय हत्याकांड का एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा, दो की तलाश जारी
गुलफाम सैफी, संदेश धारा-
बहादुरगढ़। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पूठ में होली के दिन 4 मार्च को दिनदहाड़े हुई विजय केवट की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम आशु पुत्र प्रेमचंद निवासी गांव आलमनगर, थाना बहादुरगढ़ है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आशु ने अपने साथियों अमित मावी पुत्र राजकुमार और तेजिंदर उर्फ तेजी निवासी बुलंदशहर के साथ मिलकर रोडरेज के चलते गांव पूठ निवासी विजय केवट की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी आशु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

