

चालान के बावजूद नहीं रुका अवैध काम, कालिंदी कुंज पुश्ता रोड पर कमरा बनाने के लिए काट डाला पेड़
विशेष संवाददाता | संदेश धारा
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2, खड्डा कॉलोनी में कालिंदी कुंज रोड पर इकरा स्कूल के सामने पर्यावरण नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। यहां बिल्डिंग मटेरियल का कारोबार करने वाले राशिद चौधरी पर कथित रूप से कमरा बनाने की तैयारी में एक हरा-भरा पेड़ काटने का आरोप लगा है।
दस्तावेजों के अनुसार दिल्ली नगर निगम (MCD) के इंजीनियरिंग विभाग ने पहले ही राशिद चौधरी के खिलाफ NGT नियमों के उल्लंघन पर ₹10,000 का चालान किया था। चालान में बताया गया है कि सड़क किनारे रखा गया निर्माण सामग्री ठीक तरह से ढका नहीं था, जिससे वायु प्रदूषण फैल रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चालान होने के बावजूद अवैध गतिविधियां बंद नहीं हुईं। आरोप है कि अपने बिल्डिंग मटेरियल के स्टॉक के बराबर में कमरा बनाने के लिए पेड़ को ही काट दिया गया। मौके पर पेड़ का कटा हुआ तना और लकड़ी के अवशेष भी देखे गए हैं, जिससे हाल ही में पेड़ काटे जाने की आशंका जताई जा रही है।
इलाके के निवासियों का कहना है कि मेन रोड पर बिल्डिंग मटेरियल रखने से पहले ही अतिक्रमण और जाम की समस्या बनी रहती है, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई प्रभावी नहीं हो पा रही है।
स्थानीय लोगों ने दिल्ली नगर निगम और वन विभाग से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क किनारे और भी पेड़ों को काटकर अवैध निर्माण खड़े कर दिए जाएंगे।
मुख्य बिंदु
आरोपी: राशिद चौधरी
स्थान: कालिंदी कुंज रोड, इकरा स्कूल के सामने, जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2 खड्डा कॉलोनी
MCD द्वारा पहले ही ₹10,000 का चालान
अब कमरा बनाने के लिए पेड़ काटने का आरोप

