
मणिपुर की युवती से मारपीट मामले में चार नाबालिग गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में मणिपुर की एक युवती के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी नाबालिग हैं और उनकी उम्र करीब 15 से 16 वर्ष के बीच है।
पुलिस के मुताबिक 9 मार्च को सतपुड़ा पार्क, मालवीय नगर में झगड़े की सूचना PCR कॉल के माध्यम से थाना मालवीय नगर को मिली। सूचना मिलते ही SHO, जांच अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पुलिस को घायल युवती मिली, जिसने बताया कि वह अपने एक दोस्त से मिलने इलाके में आई थी। उसी दौरान पार्क में मौजूद कुछ किशोर लड़कों ने उसके ऊपर आपत्तिजनक टिप्पणियां और अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दीं।
युवती द्वारा विरोध करने पर लड़के आक्रामक हो गए और उससे झगड़ा करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने युवती के साथ मारपीट की और एक आरोपी ने कमर में पहनी बेल्ट से उस पर वार किया। हमले में युवती के चेहरे और दाहिने कान के पास हल्की चोटें आईं।
घायल युवती को तुरंत मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच (MLC) में कान के पीछे हल्की कटने की चोट और ठुड्डी के पास सूजन व खरोंच पाई गई। एहतियात के तौर पर उसे आगे की जांच के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका विस्तृत मेडिकल परीक्षण किया गया और उपचार दिया गया।
पीड़िता के बयान के आधार पर थाना मालवीय नगर में FIR नंबर 83/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मालवीय नगर के SHO इंस्पेक्टर विनय यादव के नेतृत्व में और ACP हौज खास सब-डिवीजन ऋतुराज की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई। इसके साथ ही स्पेशल स्टाफ की एक अलग टीम भी बनाई गई।
पुलिस टीम ने स्थानीय खुफिया सूचना और CCTV फुटेज की मदद से कई स्थानों पर छापेमारी की, जिसके बाद चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बेल्ट भी बरामद कर ली है।
दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल (IPS) ने बताया कि मामले की जांच जारी है और टीम के सराहनीय कार्य के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

