
थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र में फ्लड जोन की जमीन पर भूमाफियाओं का कब्जा, ओज़ोन घोषित क्षेत्र में धड़ल्ले से हो रहा अवैध निर्माण
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र के मदनपुर खादर एक्सटेंशन पार्ट-3 स्थित मक्की मस्जिद कॉलोनी, गौशाला से आगे नाला रोड पर भूमाफियाओं द्वारा फ्लड जोन की जमीन को अवैध रूप से बेचने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस जमीन में कुछ हिस्सा निजी कंपनी MGF की जमीन का भी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार करीब 6 महीने पहले तक यह जमीन पूरी तरह खाली पड़ी थी, लेकिन अब भूमाफियाओं ने यहां प्लॉटिंग कर कई मकान खड़े कर दिए हैं। इन निर्माण कार्यों के साथ-साथ अवैध पानी की बोरिंग भी कर दी गई है, जबकि यह पूरा इलाका प्रशासन द्वारा ओज़ोन घोषित क्षेत्र है, जहां किसी भी प्रकार का निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओज़ोन घोषित क्षेत्र होने के बावजूद यहां खुलेआम प्लॉटिंग और निर्माण हो रहा है। लोगों का आरोप है कि ओज़ोन के नाम पर सिर्फ जनता को डराया जाता है, जबकि भूमाफियाओं पर कार्रवाई नहीं होती और प्रशासनिक स्तर पर मिलीभगत के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
क्षेत्र में रात-दिन ट्रक और डंपर मिट्टी भराई और निर्माण सामग्री लाते हुए नजर आ रहे हैं, जिससे आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा इलाका थाना कालिंदी कुंज की बीट नंबर-6 में आता है, जहां पहले खाली पड़े खेतों को अब पूरी तरह प्लॉटिंग में तब्दील कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए, साथ ही भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

