
एशिया के सबसे बड़े ईको पार्क के आसपास अवैध निर्माण, ओज़ोन घोषित क्षेत्र में भूमाफिया सक्रिय
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मदनपुर खादर क्षेत्र में स्थित NTPC ईको पार्क के आसपास बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। पार्क के पूर्व और उत्तर दिशा में फ्लड ज़ोन तथा ग्राम सभा की जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा तेजी से निर्माण कार्य किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा क्षेत्र ओज़ोन घोषित क्षेत्र में आता है और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है। इसी इलाके में विकसित किया जा रहा ईको पार्क एशिया के सबसे बड़े और सुंदर पार्कों में से एक बताया जा रहा है, लेकिन उसके आसपास हो रहा अवैध निर्माण पार्क की सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र में लंबे समय से यह अवैध गतिविधि जारी है। पार्क के चारों तरफ दीवारें खड़ी कर अस्थायी और पक्के ढांचे बनाए जा रहे हैं, जिससे सरकारी जमीन पर कब्जे की आशंका बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार यह जमीन फ्लड प्लेन क्षेत्र में आती है, जहां किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य प्रतिबंधित माना जाता है। इसके बावजूद भूमाफिया खुलेआम निर्माण करा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि संबंधित विभागों की मिलीभगत और स्थानीय पुलिस की संलिप्तता के कारण यह अवैध निर्माण लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), राजस्व विभाग, नगर निगम और पर्यावरण विभाग इस पूरे मामले की जांच कर अवैध निर्माण पर तुरंत रोक लगाएं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
📍 स्थान: मदनपुर खादर, थाना कालिंदी कुंज, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली

