
लाजपत नगर में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस ने चोरी की वारदातों में शामिल एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20/21 मार्च की रात तैमूर नगर, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के पास एक ऑटो चालक विजय मंडल से मोबाइल चोरी की घटना सामने आई। आरोपी ने पहले ऑटो किराए पर लिया और कस्तूरबा निकेतन पहुंचकर छुट्टे पैसे लाने का बहाना बनाया। कुछ देर बाद वह अपने दो साथियों के साथ लौटा, जहां दो आरोपियों ने चालक को बातचीत में उलझाया और तीसरे ने मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
पीड़ित ने अपने साथी के साथ आरोपियों का पीछा किया और स्थानीय लोगों की मदद से दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि वे रात के समय लोगों को झांसे में लेकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल पांच मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें एक इस घटना से संबंधित है, जबकि चार अन्य मामलों से जुड़े हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनबीर यादव (30) निवासी जमरूदपुर और कुणाल (26) निवासी जल विहार, लाजपत नगर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, कुणाल पहले भी चोरी और झपटमारी के 12 मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस उपायुक्त, दक्षिण-पूर्व जिला के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

