अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़, तीन महिला तस्कर गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 10 अप्रैल 2026: दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (ANS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो ओडिशा से गांजा लाकर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करती थीं।
पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को सराय काले खां क्षेत्र में एक महिला ड्रग तस्कर के आने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर डारो देवी (32), निवासी सुपौल, बिहार को गिरफ्तार किया। उसके पास से 22.02 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे उसने ट्रॉली बैग और शोल्डर बैग में छिपा रखा था। इस संबंध में थाना सनलाइट कॉलोनी में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ के दौरान डारो देवी की निशानदेही पर उसकी सहयोगी आरती (34), निवासी जल विहार, लाजपत नगर को भी गिरफ्तार किया गया। आरती के पास से 1.264 किलोग्राम गांजा, 244 ग्राम सोने के आभूषण और ₹2,90,230 नकद बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक यह रकम और जेवर नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित किए गए थे।
आगे की कार्रवाई में पुलिस ने सुधा, निवासी जल विहार, लाजपत नगर को 28 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में थाना लाजपत नगर में NDPS एक्ट की धाराओं के तहत एक अन्य मामला दर्ज किया गया है।
तीनों आरोपियों से कुल मिलाकर 23.284 किलोग्राम गांजा, 28 ग्राम स्मैक, 252.15 ग्राम सोने के आभूषण और ₹2,90,230 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी डारो देवी ओडिशा से गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करती थी, जबकि उसकी सहयोगी आरती स्थानीय स्तर पर वितरण का काम संभालती थी। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने कहा है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

