
कंचन कुंज के कबाड़ी गोदाम में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप
आखिर अवैध कबाड़ियों पर कार्रवाई कब? स्थानीय पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
विशेष संवाददाता, संदेश धारा
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र स्थित कंचन कुंज इलाके में देर शाम एक कबाड़ी के गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय निवासियों ने घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने के प्रयास तेज कर दिए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम में भारी मात्रा में कबाड़ रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल या झुलसने की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कंचन कुंज और आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध कबाड़ी गोदाम संचालित हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग और स्थानीय पुलिस द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में भारी मात्रा में कबाड़ जमा होने से हमेशा आग और बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया कि आखिर अवैध कबाड़ियों पर कार्रवाई कब होगी? लोगों का आरोप है कि बिना संरक्षण के इस तरह के गोदाम लंबे समय तक संचालित नहीं हो सकते। कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन द्वारा गंभीर कदम नहीं उठाए गए, जिसके कारण अब लोगों में डर और आक्रोश दोनों बढ़ गए हैं।
इलाके के लोगों ने दिल्ली पुलिस, एमसीडी, फायर विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में चल रहे सभी अवैध कबाड़ी गोदामों की जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

