गोविंदपुरी हत्याकांड का खुलासा; चचेरे भाई ने ही महिला और मासूम बेटे की ली जान
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी जिला। पुलिस ने गोविंदपुरी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड डबल मर्डर केस का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृत महिला और उसके 13 वर्षीय बेटे की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि महिला के सगे चचेरे भाई ने ही की थी।
पुलिस के अनुसार 20/21 मई 2026 की मध्य रात्रि गोविंदपुरी इलाके में एक महिला और उसके 13 वर्षीय पुत्र के शव उनके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले थे। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और स्थानीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी सौरभ साहू तक पहुंच बनाई। आरोपी मृतका का सगा चचेरा भाई निकला।
तुगलकाबाद एक्सटेंशन में हुई मुठभेड़
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित घाटी वाला पार्क के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर विष्णु दत्त के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपी ने अवैध हथियार निकालकर पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
बताया गया कि आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली एसआई यशपाल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट होने के कारण उनकी जान बाल-बाल बच गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन राउंड फायर किए और आरोपी को घायल अवस्था में दबोच लिया। बाद में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ईर्ष्या और निजी द्वेष बना हत्या का कारण
पूछताछ में आरोपी सौरभ साहू ने खुलासा किया कि वह मृत महिला द्वारा बार-बार नशे और आपराधिक गतिविधियां छोड़ने की सलाह दिए जाने से नाराज रहता था। इसी व्यक्तिगत द्वेष और ईर्ष्या के चलते उसने महिला और उसके मासूम बेटे की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी चोरी, स्नैचिंग, लूटपाट और आर्म्स एक्ट के मामलों में संलिप्त रह चुका है। उसके खिलाफ कुल चार आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
महत्वपूर्ण बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मुठभेड़ में इस्तेमाल किए गए खाली कारतूस, खून से सने कपड़े तथा अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए हैं।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने जांच में शामिल सभी टीमों की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी जांच और टीमवर्क के कारण ही मामले का त्वरित खुलासा संभव हो सका।

