कालिंदी कुंज पुलिस ने 3000 क्वार्टर अवैध शराब के साथ तस्कर को दबोचा
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली,। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के थाना कालिंदी कुंज की टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 3000 क्वार्टर अवैध देसी शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त एक एक्सयूवी (XUV) वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जून को थाना कालिंदी कुंज के एसआई अजय, एचसी समय, एचसी संजीव, एचसी अमित और कांस्टेबल अरविंद क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति मदनपुर खादर स्थित पुश्ता रोड से बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर गुजरने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। कुछ समय बाद एक संदिग्ध एक्सयूवी वाहन तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर वाहन को रोक लिया और चालक को काबू कर लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 60 पेटियों में भरी 3000 क्वार्टर “ADS Fresh Masaledar Deshi Sharab” (केवल हरियाणा में बिक्री हेतु) बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमचंद भड़ाना (29 वर्ष), पुत्र यादराम, निवासी धानी घाटी टल्ला मोहल्ला, गांव अनंगपुर, सूरजकुंड के पास, फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 366/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बरामद शराब और वाहन को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब की खेप किसी अज्ञात व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस अब शराब के स्रोत, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी हेमचंद भड़ाना पहले भी आबकारी अधिनियम के दो मामलों में संलिप्त रह चुका है।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

