
MCD में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 5 जून 2026। नगर निगम दिल्ली (MCD) ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। केंद्रीय स्थापना विभाग द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
मुख्य बदलावों में IAS अधिकारी शाश्वत सौरभ को केंद्रीय जोन से स्थानांतरित कर नजफगढ़ जोन का डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें डिप्टी कमिश्नर (CSD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं IAS अधिकारी ऋषिता गुप्ता को रोहिणी जोन के डिप्टी कमिश्नर पद से हटाकर असेसर एवं कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
IPS अधिकारी डॉ. सचिन गुप्ता, जो पोस्टिंग की प्रतीक्षा में थे, उन्हें डिप्टी कमिश्नर (सेंट्रल जोन) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा IFS अधिकारी सुमित कुमार को नजफगढ़ जोन एवं टोल टैक्स विभाग से स्थानांतरित कर डिप्टी कमिश्नर (L&E एवं टोल टैक्स) बनाया गया है। उन्हें सचिव टू कमिश्नर, विश्वकर्मा एवं पीएम स्वनिधि, एस्टेट ऑफिसर, निदेशक (आईटी), आयुष एवं यूनानी विभागों का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
IFS अधिकारी अंशुल सिरोही को विभिन्न विभागों के दायित्वों से मुक्त कर रोहिणी जोन का डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
MCD प्रशासन का मानना है कि इन नियुक्तियों से निगम के विभिन्न जोनों और विभागों में प्रशासनिक कार्यों की गति और निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

