बिजली मीटर का लोड बढ़ाने के नाम पर रिश्वतखोरी, JE समेत दो लाइनमैन गिरफ्तार
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
फरीदाबाद, 8 जून। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) और दो लाइनमैन को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर बिजली मीटर की क्षमता बढ़ाने के बदले उपभोक्ता से अवैध धनराशि मांगने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर-15ए स्थित बिजली विभाग के कर्मचारियों ने निरीक्षण के दौरान एक लाइब्रेरी में बिजली खपत की तुलना में कम क्षमता का मीटर लगा हुआ पाया। इसके बाद कर्मचारियों ने विभागीय कार्रवाई का हवाला देते हुए संबंधित उपभोक्ता से संपर्क किया और मामला निपटाने के लिए कथित रूप से रिश्वत की मांग की।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने मीटर का लोड बढ़ाने और कार्रवाई से राहत दिलाने के बदले धनराशि मांगी थी। शिकायतकर्ता ने उनकी मांग के अनुसार ₹3,000 ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए, जबकि शेष ₹8,000 नकद देने की बात तय हुई थी।
मामले से परेशान उपभोक्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। तय योजना के तहत जब शिकायतकर्ता सेक्टर-15ए स्थित कार्यालय में नकद राशि देने पहुंचा तो एसीबी टीम ने मौके पर छापा मारकर जूनियर इंजीनियर शोकीन खान तथा दो लाइनमैन अरुण और नरेंद्र को हिरासत में ले लिया।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार इस मामले में शामिल एक अन्य कर्मचारी कार्रवाई के दौरान फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इस प्रकार की अवैध वसूली पहले भी की जाती रही है और इसमें अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता तो नहीं है। एसीबी ने कहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

