
ओ-ज़ोन क्षेत्र कंचनकुंज में निर्माण गतिविधियों पर उठे सवाल, बेसमेंट खोदकर बनाई जा रहीं बहुमंजिला इमारतें
विशेष संवाददाता संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र स्थित कंचनकुंज कॉलोनी में कथित अवैध निर्माण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय निवासियों का दावा है कि A ब्लॉक से C ब्लॉक तक कई स्थानों पर बेसमेंट की खुदाई कर बहुमंजिला इमारतों का निर्माण किया जा रहा है।
मामले को गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि यह क्षेत्र ओ-ज़ोन के अंतर्गत आता है, जहां भूमि उपयोग और निर्माण गतिविधियों पर विशेष नियामक प्रावधान लागू होते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीट नंबर-1 एवं बीट नंबर-2 के अंतर्गत बड़ी संख्या में निर्माण कार्य जारी हैं, लेकिन संबंधित एजेंसियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।
नागरिकों ने मांग की है कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), नगर निगम (MCD) तथा दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर निरीक्षण कर यह स्पष्ट करे कि निर्माण कार्य वैधानिक अनुमतियों के अनुरूप हैं या नहीं। साथ ही बेसमेंट निर्माण, भवन सुरक्षा मानकों और भूमि उपयोग नियमों की भी जांच की जाए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य नियमों के विपरीत पाए जाते हैं तो उन्हें तत्काल रोका जाए तथा जिम्मेदार बिल्डरों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
ओ-ज़ोन में बढ़ती निर्माण गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग लगातार बढ़ रही है।

