गोविंदपुरी में बेसमेंट+7 मंजिला इमारत पर उठे सवाल, नियमों की खुलेआम अनदेखी का आरोप
साहिल संवाददाता संदेश धारा
नई दिल्ली, कालकाजी। दक्षिणी दिल्ली के गोविंदपुरी क्षेत्र में निर्माण नियमों की अनदेखी का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि मकान संख्या 267/1, गली नंबर-4, गोविंदपुरी, कालकाजी, नई दिल्ली-110019 में एक बिल्डर द्वारा बेसमेंट सहित सात मंजिला (Basement + 7 Floors) बहुमंजिला भवन का निर्माण किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर दिल्ली सरकार एवं प्रशासन द्वारा अवैध और निर्धारित सीमा से अधिक निर्माण पर कार्रवाई की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर कई क्षेत्रों में बिल्डर लॉबी कथित रूप से नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए ऊंची इमारतें खड़ी कर रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि संबंधित विभागों की जानकारी में मामला होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भवन का पता 267/1, LHS, 4th Floor, Gali No. 4, Govindpuri, Kalkaji, New Delhi-110019 बताया जा रहा है। भवन की तस्वीरों में संकरी गली के बीच बहुमंजिला निर्माण दिखाई दे रहा है, जिससे आसपास के निवासियों में सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि भवन वास्तव में स्वीकृत मानकों से अधिक मंजिलों का है, तो संबंधित एजेंसियों को इसकी जांच कर निर्माण स्वीकृति, नक्शा पासिंग, अग्नि सुरक्षा मानकों और संरचनात्मक सुरक्षा की समीक्षा करनी चाहिए।
निवासियों ने एमसीडी, डीडीए, दिल्ली अग्निशमन सेवा, राजस्व विभाग एवं स्थानीय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का सवाल है कि जब चार मंजिल से ऊपर के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की बात की जा रही है, तो गोविंदपुरी में कथित रूप से बने बेसमेंट+7 मंजिला भवन के संबंध में अब तक क्या कार्रवाई की गई है?

