
लाजपत नगर थाना पुलिस की बड़ी सफलता: चेन स्नैचिंग और वाहन चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार
साहिल संवाददाता संदेश धारा
नई दिल्ली, 20 जून। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के अंतर्गत थाना लाजपत नगर की टीम ने चेन स्नैचिंग और वाहन चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक छीनी गई सोने की चेन तथा अपराध में प्रयुक्त चोरी की स्कूटी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को विनोबा पुरी मेट्रो स्टेशन, रिंग रोड के पास चेन स्नैचिंग की सूचना PCR कॉल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता मोनिका त्रिपाठी ने बताया कि स्कूटी सवार दो बदमाश उनकी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे। मामले में थाना लाजपत नगर में FIR संख्या 228/2026 दर्ज कर जांच SI बीरेंद्र को सौंपी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO इंस्पेक्टर निर्भय कुमार के नेतृत्व तथा ACP लाजपत नगर के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के माध्यम से आरोपियों के आने-जाने के मार्ग का पता लगाया।
गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि पहचान छिपाने के लिए उन्होंने चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल किया था।
गिरफ्तार आरोपी
1. किशन शाह (32 वर्ष) निवासी बहादुरगढ़, हरियाणा – दक्षिण दिल्ली में स्नैचिंग और चोरी के 3 मामलों में पहले से शामिल।2. करण संजय सैनी (26 वर्ष) निवासी बहादुरगढ़, हरियाणा – पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं।
बरामदगी
एक सोने की चेन
एक चोरी की स्कूटीपुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी अन्य स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

