दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: 1 करोड़ के 325 चोरी के मोबाइल बरामद, अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का भंडाफोड़
विशेष संवाददाता, संदेश धारा
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने एक बड़े अभियान के तहत अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय मोबाइल चोरी सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य के 325 हाई-एंड चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में चोरी व स्नैचिंग की घटनाओं से प्राप्त मोबाइल फोन एकत्रित करता था। इसके बाद इन्हें रोहिणी स्थित एक किराये के फ्लैट में रखा जाता, जहां से पैकिंग कर कूरियर के माध्यम से पश्चिम बंगाल के कोलकाता, मालदा और मुर्शिदाबाद भेजा जाता था। वहां से मोबाइलों की तस्करी कर बांग्लादेश पहुंचाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का एक अन्य नेटवर्क नेपाल तक सक्रिय था।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह सिंडिकेट पिछले लगभग एक वर्ष के दौरान 10 से 12 हजार चोरी के मोबाइल फोन देश की सीमाओं के पार भेज चुका है। तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रेल और कूरियर रिकॉर्ड की मदद से पुलिस ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि बरामद 325 मोबाइलों में से लगभग 150 मोबाइल फोन पहले ही दिल्ली के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी और स्नैचिंग के मामलों से जुड़े पाए गए हैं। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया जाएगा।
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों, सीमा पार सक्रिय हैंडलरों तथा पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस संबंध में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

