दिल्ली पुलिस की VVIP सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा फेरबदल, कई IPS व DANIPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां
प्रशासनिक आदेश तत्काल प्रभाव से लागू, सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कवायद
नई दिल्ली, संवाददाता। दिल्ली पुलिस ने वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी ट्रांसफर आदेश के तहत कई आईपीएस (IPS), डेनिप्स (DANIPS) तथा एसीपी (ACP) स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र मणि को डीसीपी/पीआर सेल (DCP/PR Cell) नियुक्त किया गया है। वहीं वर्ष 2022 बैच की आईपीएस अधिकारी सुलेखा जगरवार को एडिशनल डीसीपी/पीएम (Additional DCP/PM) बनाया गया है।
डेनिप्स अधिकारी हुक्मा राम साई को डीसीपी/पीआर सेल से स्थानांतरित कर डीसीपी/मुख्यालय-II (HQ-II) एवं वीपीपी सेल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं ईशान भारद्वाज को एडिशनल डीसीपी/कोर्ट्स से डीसीपी/एसजी, एचएम, कोर्ट सेल एवं पुलिस मुख्यालय (PHQ) में तैनात किया गया है।
इसके अलावा डेनिप्स अधिकारी पंकज सूद को डीसीपी/सुप्रीम कोर्ट सुरक्षा नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
एसीपी स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। एसीपी जयपाल सिंह को एसीपी/मुख्यालय (HQ), डीडीओ सहित कई महत्वपूर्ण शाखाओं का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं एसीपी रोहित गुप्ता को पीएम सेल में नियुक्त किया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार यह प्रशासनिक फेरबदल वीवीआईपी सुरक्षा तंत्र को अधिक मजबूत, समन्वित और आधुनिक बनाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों का मानना है कि नई तैनातियों से संवेदनशील प्रतिष्ठानों, न्यायालयों तथा वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था के संचालन में और अधिक दक्षता आएगी।

