निजी अस्पताल से चल रहा था नवजात तस्करी का नेटवर्क, महिला डॉक्टर समेत 13 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने 5 नवजात बच्चों को कराया मुक्त, कई राज्यों तक फैला था गिरोह
नई दिल्ली, संवाददाता। राजधानी दिल्ली में नवजात शिशुओं की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बेगमपुर स्थित एक निजी अस्पताल की संचालिका महिला डॉक्टर सहित 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश में छापेमारी कर पांच नवजात बच्चों को सकुशल बरामद किया गया है। इनमें चार लड़के और एक लड़की शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात तक सक्रिय था। आरोप है कि गिरोह गरीब परिवारों से दो से बीस दिन तक के नवजात बच्चों को डेढ़ से दो लाख रुपये में खरीदता था। इसके बाद उन्हें बेगमपुर स्थित हीरा कपूर हॉस्पिटल में रखकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते थे और फिर छह से नौ लाख रुपये तक में निःसंतान दंपतियों व अन्य खरीदारों को बेच दिया जाता था। ग्राहकों की आर्थिक स्थिति के अनुसार सौदे की रकम तय की जाती थी।
मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह के अनुसार गिरोह का मुख्य सरगना गुजरात से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह संगठित नेटवर्क लंबे समय से नवजातों की अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल था।
इस पूरे मामले का खुलासा पांच जून को उस समय हुआ, जब मध्य जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने पहाड़गंज स्थित आर.के. आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास फर्जी ग्राहक बनकर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से ज्योति उर्फ कमलेश, शालू और ललित को एक नवजात शिशु को बेचने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक नवजात को सुरक्षित बरामद किया गया तथा टोकन मनी के रूप में दिए गए 20 हजार रुपये भी बरामद किए गए।
पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश में लगातार छापेमारी कर चार अन्य नवजात बच्चों को भी मुक्त कराया। बरामद बच्चों में चार आदिवासी परिवारों के बताए जा रहे हैं।
इस संबंध में पहाड़गंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, अस्पतालों, एजेंटों और संभावित खरीदारों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

