मदनपुर खादर में नाले के तेज बहाव में बहा 18 वर्षीय युवक, तलाश जारी
साहिल मंसूरी, संदेश धारा
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार थाना क्षेत्र स्थित मदनपुर खादर के प्रियंका कैंप नाले में शुक्रवार रात एक 18 वर्षीय युवक तेज पानी के बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, डीडीएमए ईस्ट रेस्क्यू टीम और दिल्ली अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन शनिवार तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस के अनुसार, घटना 7 अगस्त की रात करीब 8 बजे की है। युवक की पहचान अंकित (18), पुत्र सुनील, निवासी ई-13, भीम कॉलोनी, अली विहार के रूप में हुई है। बताया गया है कि अंकित नोएडा से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान प्रियंका कैंप नाले के पास उसका पैर फिसल गया और तेज पानी के बहाव में वह बह गया।
घटना के संबंध में दो पीसीआर कॉल प्राप्त हुईं। पहली कॉल रात करीब 8:31 बजे थाना कालिंदी कुंज और दूसरी 8:54 बजे थाना सरिता विहार क्षेत्र से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही सरिता विहार थाना पुलिस ने एक एसआई को बीट स्टाफ के साथ मौके पर भेजा।
पुलिस पूछताछ में शिकायतकर्ता मनीष (23), पुत्र राज किशोर, निवासी भीम कॉलोनी, अली विहार ने बताया कि अंकित उसका दोस्त है और दोनों के बीच घटना से पहले साथ होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने डीडीएमए ईस्ट रेस्क्यू टीम और दिल्ली फायर सर्विस की फायर टेंडर WT-74 की मदद से तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव दल को काफी चुनौती का सामना करना पड़ा। लगातार प्रयासों के बावजूद अभी तक अंकित का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस और बचाव दल द्वारा युवक की तलाश लगातार जारी है।

