संगम विहार में चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 46 चरखियां बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली,। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दक्षिण जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने संगम विहार इलाके में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की 46 चरखियां बरामद की हैं।

पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त को स्पेशल स्टाफ को संगम विहार में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी कर 43 वर्षीय धर्मेंद्र पुत्र मोहर सिंह को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से “MONO KITE” और “MONO KITE FIGHTER” नाम से पैक की गई 46 चरखियां बरामद हुईं।
मामले में थाना संगम विहार में FIR संख्या 239/2026 के तहत धारा 223(b) BNS और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 की धारा 5/15 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित मांझे की आपूर्ति कहां से हुई और इस अवैध कारोबार में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई पदम सिंह, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप धायल, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार शामिल रहे। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अनुज कुमार, आई/सी स्पेशल स्टाफ/दक्षिण जिला ने किया, जबकि कार्रवाई की निगरानी एसीपी ऑपरेशंस दक्षिण जिला बलराम सिंह बेनीवाल ने की।
दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

