विशेष संवाददाता, संदेश धारा –
कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र के श्री राम चौक के इर्द-गिर्द शाम ढलते ही अराजकता का माहौल बन जाता है। यहां चाट-टिक्की, बर्गर, अंडा आमलेट, चिकन सूप समेत खाने-पीने की ठेली वाली दुकानें लगती हैं, जिन पर बड़ी संख्या में ऐसे लोग जुटते हैं जो दुकानों से खाने का सामान खरीदकर वहीं खुलेआम शराब का सेवन करते नजर आते हैं।
हैरानी की बात यह है कि यह पूरा नज़ारा थाना परिसर से महज़ चंद कदम की दूरी पर रोज़ाना देखने को मिलता है। बावजूद इसके, खुले में शराब पीने की शिकायतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर सख्ती दिखाने और कार्रवाई के दावों के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं।
रहवासियों का कहना है कि शराब पीने वालों के जमावड़े से न केवल महिलाओं और बच्चों का निकलना दूभर हो गया है, बल्कि आए दिन गाली-गलौज, झगड़े और असामाजिक गतिविधियों का भी डर बना रहता है। शाम के समय चौक से गुजरना स्थानीय नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बन चुका है।
सवाल यह उठता है कि जब थाना इतनी नज़दीक है, तो फिर खुलेआम कानून की धज्जियां कैसे उड़ाई जा रही हैं? क्या कार्रवाई केवल कागज़ों तक सीमित है, या फिर ठेली संचालकों और शराब पीने वालों पर ठोस कदम उठाने में कहीं न कहीं लापरवाही बरती जा रही है?
स्थानीय लोगों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि श्री राम चौक के आसपास सख्त निगरानी, नियमित गश्त और ठेली वालों पर भी जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि खुले में शराबखोरी पर स्थायी रूप से लगाम लग सके और इलाके में कानून-व्यवस्था बहाल हो।

