
विशेष संवाददाता, संदेश धारा –
दिल्ली सरकार द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू किए गए GRAP-4 के तहत राजधानी में सभी प्रकार की बिल्डिंग मैटेरियल सप्लाई पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद मदनपुर खादर एक्सटेंशन इलाके में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार गुप्ता ट्रेडर्स बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर द्वारा फरीदाबाद से लगातार बदरपुर और अन्य निर्माण सामग्री दिल्ली में मंगाई जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रक संख्या HR 38 AE 2130 के जरिए यह सामग्री निर्माण चौक, मदनपुर खादर एक्सटेंशन में स्टॉक की गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में ट्रैक्टरों के माध्यम से सप्लाई की जा रही है।
सबसे गंभीर बात यह है कि यह पूरा मामला बीट नंबर–2, थाना कालिंदी कुंज, वार्ड नंबर–185 के अंतर्गत आता है, फिर भी अब तक न तो ट्रक को जब्त किया गया और न ही संबंधित सप्लायर के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई सामने आई है। इससे प्रशासन और स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि GRAP-4 के नियमों का पालन न होने से इलाके में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि अवैध सप्लाई में लिप्त ट्रकों और डंपरों को तत्काल जब्त किया जाए तथा दोषी बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायरों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इस खुले उल्लंघन पर कब तक कार्रवाई करता है, या फिर GRAP-4 के सख्त निर्देश कागजों तक ही सीमित रह जाएंगे।

