
विशेष संवाददाता, संदेश धारा –
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आज शाम से वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने और मौसम के खराब होने की संभावना को देखते हुए प्रदूषण को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। इस बीच GRAP-4 लागू होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने सख्त चेतावनी दी है।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि जो लोग खराब मौसम और GRAP-4 के नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य कर रहे हैं, उनकी इमारतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, इस लापरवाही के लिए संबंधित जेई (JE) और एक्सईएन (XEN) को भी जिम्मेदार ठहराया जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि दिल्ली के भीतर कोई भी पोल्यूटिंग इंडस्ट्री, चाहे वह ऑथोराइज्ड एरिया में हो या अनऑथोराइज्ड क्षेत्र में, चलने नहीं दी जाएगी। प्रशासन द्वारा एक्सटेंसिव सर्वे किया जा चुका है और कल से ऐसी सभी प्रदूषण फैलाने वाली इंडस्ट्री पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया जाएगा।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “दिल्ली के लोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हवा को साफ और सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकता है।”
अंत में उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और नियमों का पालन कर राजधानी की हवा को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

