
विशेष संवाददाता, संदेश धारा
ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। पुलिस को दोपहर करीब 12:41 बजे पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें A-230, ओखला फेज-1 के सामने सर्विस रोड पर कई वाहनों की टक्कर की सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम की जांच में पता चला कि एक ऑडी Q8 ई-ट्रॉन कार (रजिस्ट्रेशन नंबर HP-38J-0996) अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी तीन कारों से टकरा गई। क्षतिग्रस्त वाहनों में
HR-51CF-6467,
DL-3CDB-4682 और
DL-3CCW-8548
शामिल हैं।
टक्कर के बाद ऑडी कार की रफ्तार नहीं थमी और वह आगे जाकर सड़क पर खड़े एक ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर DL-1MB-3734) के पिछले हिस्से में जा घुसी, जिसके बाद वाहन रुका।
चालक घायल, अन्य सुरक्षित
हादसे में ऑडी कार का चालक घायल हो गया। गनीमत रही कि जिन वाहनों को टक्कर लगी, उनमें कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई अन्य नागरिक या राहगीर घायल नहीं हुआ।
घायल चालक को तुरंत पीसीआर वैन की मदद से AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि मामले में ऑडी कार के चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को जल्द सामान्य कर दिया।

