
संदेश धारा | संवाददाता
नई दिल्ली। बदरपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 184 (जैतपुर पार्ट-1) में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ थी कि कुछ ही मिनटों में घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिलेंडर विस्फोट की तेज़ आवाज़ के साथ आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग के कारण मकान में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण गैस सिलेंडर में लीकेज व विस्फोट बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घनी आबादी वाले इलाकों में गैस सुरक्षा को लेकर जागरूकता और जांच बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

