
साहिल मंसूरी, संदेश धारा
नई दिल्ली। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण और खराब होती हवा की गुणवत्ता को देखते हुए दिल्ली सरकार सख्त रुख अपनाने के मूड में है। दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने राजधानी की निजी और कॉरपोरेट कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) व्यवस्था लागू करने की सख्त चेतावनी दी है।
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि यदि कंपनियां सरकार की अपील को नजरअंदाज करती हैं और कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से कार्यालय बुलाया जाता है, तो प्रदूषण नियंत्रण नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह कदम दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि वाहनों की संख्या कम करने और ट्रैफिक दबाव घटाने के लिए वर्क फ्रॉम होम एक प्रभावी उपाय है। इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि आम लोगों को जहरीली हवा से राहत भी मिलेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर और कड़े प्रतिबंध भी लागू किए जा सकते हैं। दिल्ली सरकार पहले ही ग्रैप (GRAP) के तहत कई पाबंदियां लागू कर चुकी है, लेकिन बावजूद इसके प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।
पर्यावरण मंत्री ने कंपनियों से अपील की कि वे सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं और कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए तत्काल वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू करें, अन्यथा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई तय है।

