
शराब, गांजा, स्मैक, अवैध बोरिंग, ज़बरन उगाही और पार्किंग माफिया पर गंभीर आरोप
साहिल संभव | संदेश धारा
नई दिल्ली। केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के बावजूद राजधानी के कई इलाकों में अवैध मादक पदार्थों का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला फेज–3 क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ स्थानीय लोगों ने पुलिस की कथित मिलीभगत में अवैध धंधों के खुलेआम संचालन के गंभीर आरोप लगाए हैं।
स्थानीय निवासियों और विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, ओखला फेज–3 चौकी के अंतर्गत आने वाले कई ब्लॉकों में अवैध शराब, गांजा और स्मैक की खुलेआम बिक्री हो रही है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस चौकी की नज़दीकी के बावजूद इन गतिविधियों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही।
सूत्रों का कहना है कि Y ब्लॉक, S ब्लॉक, गैस गोदाम के पास A ब्लॉक ओखला फेज–2, Z ब्लॉक और H ब्लॉक, संजय कॉलोनी में शराब के साथ-साथ गांजा और स्मैक की बिक्री जारी है। आरोप है कि Y ब्लॉक के सार्वजनिक शौचालय परिसर में भी गांजा बेचा जा रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामला सिर्फ नशे तक सीमित नहीं है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में अवैध बोरिंग कर टैंकरों में पानी भरा जा रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह गतिविधि कथित तौर पर पुलिस बूथ के पीछे संचालित हो रही है, जिससे पुलिस की भूमिका पर सवाल और गहरे हो गए हैं।
इसके अलावा, ओखला फेज–3 में अनधिकृत समूहों द्वारा ज़मीन पर कब्ज़ा कर अवैध निर्माण, घर और वर्कशॉप चलाने के आरोप भी सामने आए हैं। इससे इलाके में अतिक्रमण और अवैध निर्माण को बढ़ावा मिल रहा है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि चौकी इंचार्ज की कथित जानकारी या संरक्षण में यह सब चल रहा है। हेड कॉन्स्टेबल मोहन पर अवैध वसूली (उगाही) करने के आरोप भी लगाए गए हैं। आरोप है कि वह वर्दी का रौब दिखाकर भवन निर्माण स्थलों पर पहुँचते हैं, काम रुकवाते हैं और कथित तौर पर पैसों की मांग करते हैं।
बताया जा रहा है कि निर्वर्तमान पुलिस आयुक्त के स्पष्ट आदेश हैं कि वैध या अवैध निर्माण के मामलों में पुलिस सीधे हस्तक्षेप नहीं करेगी, इसके बावजूद ओखला फेज–3 चौकी का स्टाफ आदेशों की अवहेलना करते हुए जबरन उगाही कर रहा है। वहीं दूसरी ओर, इलाके में अवैध रेहड़ी-पटरी और सड़कों पर टाटा मोटर्स वर्कशॉप की अवैध पार्किंग के ज़रिये भी लाखों रुपये की वसूली किए जाने के आरोप हैं।
इलाके के लोगों ने मांग की है कि:
ओखला फेज–3 चौकी के अधिकारियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए
अवैध शराब, नशे और बोरिंग पर तत्काल कार्रवाई हो
दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए
अब देखना यह होगा कि दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इन गंभीर आरोपों पर संज्ञान लेते हैं या फिर ओखला फेज–3 में कानून-व्यवस्था यूँ ही सवालों के घेरे में बनी रहेगी।

