
ऑटो में ठगी कर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 4 मामलों का खुलासा
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। थाना सनलाइट कॉलोनी (दक्षिण-पूर्वी जिला) की सराय काले खां पुलिस चौकी की टीम ने एक सप्ताह की कड़ी मेहनत के बाद ऑटो में सवार यात्रियों से ठगी कर चोरी करने वाले दो सक्रिय चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया गया है। पुलिस ने कुल चार चोरी के मामलों का खुलासा किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद उर्फ साहिल (27 वर्ष) निवासी खजूरी खास और फहीम (46 वर्ष) निवासी जनता मजदूर कॉलोनी, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।
घटनाओं का विवरण
13 जनवरी 2026 को उमर अली ने नकद 12 हजार रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 17 जनवरी को खुशबू नामक महिला ने सोने की चेन, मंगलसूत्र, चांदी की अंगूठियां, नकदी और नोकिया मोबाइल चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई। 26 जनवरी को कंचन वर्मा ने अपनी दो सोने की चूड़ियां चोरी होने की शिकायत दी। इसके अतिरिक्त पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र में एक महिला की कान की बालियां चोरी/लूट का मामला भी सामने आया है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि आरोपी फहीम ऑटो चालक है, जो रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अकेली महिलाओं व बुजुर्ग यात्रियों को कम किराए का लालच देकर ऑटो में बैठाता था। ऑटो में पहले से बैठा साजिद उर्फ साहिल पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर यात्रियों को जेवरात व नकदी बैग में रखने को कहता था। मौका मिलते ही वह बैग से सामान निकाल लेता और फहीम किसी बहाने यात्री को रास्ते में उतारकर फरार हो जाता था।
पुलिस की कार्रवाई
आई/सी पीपी सराय काले खां एसआई नागेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के जरिए ऑटो की पहचान की। ट्रैफिक चालान के रिकॉर्ड से फहीम तक पहुंच बनाई गई और उसे बटला हाउस इलाके से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर साजिद उर्फ साहिल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
बरामदगी
02 सोने की चूड़ियां (शुद्ध सोना)
01 जोड़ी कान की बाली
01 चांदी की अंगूठी
01 चोरी का नोकिया मोबाइल फोन
02 मोबाइल फोन (अपराध में प्रयुक्त)
01 ऑटो रिक्शा
पुलिस के अनुसार साजिद उर्फ साहिल पहले भी चोरी व उत्तर प्रदेश के एक हत्या के मामले सहित छह आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि फहीम के खिलाफ पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण-पूर्वी जिला ने टीम की सराहना करते हुए लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

