
मालवीय नगर के पंचशील विहार में अवैध निर्माण का मामला गरमाया, पेड़ों की कटाई से बढ़ा विवाद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित पंचशील विहार (वार्ड 172) में अवैध निर्माण को लेकर एक बार फिर नगर निगम की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। प्रॉपर्टी संख्या B-142-C में कथित रूप से नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य जारी है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

शिकायत के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान हरे-भरे पेड़ों की कटाई भी की गई है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों को कई बार सूचित किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

मामले को लेकर यह भी आरोप सामने आ रहे हैं कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है, जिससे निगम की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, संबंधित विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अवैध रूप से की गई पेड़ों की कटाई की भी जांच की मांग की गई है।
अब देखना यह होगा कि नगर निगम इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या अवैध निर्माण पर रोक लगाई जाती है या नहीं।

