
खतरनाक अवैध निर्माण से दहशत में लोग, MCD की चुप्पी पर उठे सवाल
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली।दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित खिड़की एक्सटेंशन (J-4/71-C) में चल रहा अवैध निर्माण अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। संकरी गलियों में बहुमंजिला इमारत खड़ी की जा रही है, जिससे न केवल बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन हो रहा है बल्कि कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, निर्माण कार्य बिना किसी वैध अनुमति के किया जा रहा है। मौके पर बड़ी मात्रा में ईंट, मलबा और निर्माण सामग्री गली में ही डाल दी गई है, जिससे आम लोगों का निकलना तक मुश्किल हो गया है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इमारत के आसपास बिजली के तारों का जाल फैला हुआ है, जो बेहद खतरनाक स्थिति में लटक रहे हैं। इन तारों के बीच से होकर लोगों को गुजरना पड़ता है, जिससे आग लगने या करंट लगने का खतरा हर समय बना रहता है।
लोगों का आरोप है कि इस अवैध निर्माण में संबंधित विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत के बिना यह संभव नहीं है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो निर्माण कार्य रुका और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम (MCD) से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए, अवैध हिस्सों को ध्वस्त किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह अवैध निर्माण किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। अब देखना यह है कि MCD इस गंभीर मामले पर कब तक कार्रवाई करती है या फिर यूं ही आंखें मूंदे बैठी रहती है।

