
दिल्ली पुलिस की वर्दी पर फिर दाग: एंटी नारकोटिक्स सेल से लाखों की नकदी बरामद, हवलदार गिरफ्तार
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली, बुधवार। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। द्वारका स्थित एंटी नारकोटिक्स सेल में तैनात एक हवलदार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के आरोप में रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कार्यालय से लाखों रुपये की नकदी भी बरामद की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल ने हाल ही में उत्तम नगर क्षेत्र से मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में एक युवती को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि मामले को कमजोर करने और राहत देने के बदले सेल के कुछ अधिकारियों द्वारा युवती की मां से मोटी रकम की मांग की जा रही थी।
पीड़ित पक्ष ने इस कथित वसूली की शिकायत सीधे सीबीआई से की। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने मंगलवार देर रात द्वारका स्थित कार्यालय में छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। इस दौरान हवलदार अजय को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज सुभाष चंद्र को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि मामले में अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
(जांच जारी है, आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है)

