साप्ताहिक बाजार बने जनता के लिए मुसीबत ट्रैफिक जाम, गंदगी और अव्यवस्था से स्थानीय लोग परेशान । पुलिस, MCD व संबंधित विभागों पर मिलीभगत के आरोप
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में लगने वाले साप्ताहिक बाजार अब स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर समस्या बनते जा रहे हैं। मदनपुर खादर एक्सटेंशन पार्ट-3, जसोला गांव, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 C ब्लॉक, पुल प्रहलादपुर तथा सरिता विहार H पॉकेट पुलिस चौकी के सामने प्रत्येक शनिवार, मंगलवार और बुधवार को लगने वाले इन बाजारों के कारण भारी ट्रैफिक जाम और गंदगी की स्थिति बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार लगने के दौरान मुख्य सड़कें अतिक्रमण की चपेट में आ जाती हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। कई बार आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को भी रास्ता नहीं मिल पाता। बाजार खत्म होने के बाद सड़क किनारे कूड़े के ढेर और प्लास्टिक कचरे से क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
निवासियों का कहना है कि ये बाजार तहबाजारी व्यवस्था के अंतर्गत लगाए जाते हैं, लेकिन नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि कुछ ठेकेदारों द्वारा पुलिस, MCD और संबंधित विभागों को कथित रूप से प्रलोभन देकर कार्रवाई रुकवाई जाती है, जिसके चलते वर्षों से यह समस्या बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि यातायात प्रभावित करने वाले साप्ताहिक बाजारों को तत्काल हटाया जाए अथवा इनके लिए वैकल्पिक स्थान निर्धारित किए जाएं। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।

