बदरपुर में विकास और O-Zone मुद्दे पर बड़ी बैठक
RWA व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों संग हुई चर्चा, क्षेत्रीय विकास को लेकर दिए गए आश्वासन
विशेष संवाददाता। संदेश धारा
नई दिल्ली।बदरपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और नहरपार क्षेत्र से O-Zone हटाने की मांग को लेकर आज क्षेत्रीय RWA एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विकास, अवसंरचना परियोजनाओं और कॉलोनियों की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए कहा गया कि मुख्यमंत्री माननीय श्रीमती रेखा गुप्ता द्वारा बदरपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 150 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाने पर सभी उपस्थित लोगों ने उनका आभार व्यक्त किया।
बैठक में आश्वासन दिया गया कि वर्ष 2008 में नियमित की गई O-Zone क्षेत्र की कॉलोनियों में किसी भी निवासी का घर टूटने नहीं दिया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि कुछ लोग अफवाहें फैलाकर केंद्र सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं, लेकिन क्षेत्रवासियों को भ्रमित या भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।
बैठक में कहा गया कि केंद्र सरकार बदरपुर क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर है और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। हाईवे और इको पार्क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि मीठापुर से मेट्रो संचालन की योजना को केंद्र एवं दिल्ली सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा महरौली-बदरपुर रोड को चौड़ा करने की योजना को स्वीकृति दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया गया।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों को भरोसा दिलाया गया कि नहरपार क्षेत्र से O-Zone हटवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

