
मेहरौली थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़
दिल्ली, गुरुग्राम और बेंगलुरु से करीब ₹1.50 करोड़ की अवैध शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा
नई दिल्ली, 25 मई। दक्षिण जिला दिल्ली पुलिस की मेहरौली थाना टीम ने एक बड़े अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए करीब ₹1.50 करोड़ मूल्य की अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को भी जब्त किया गया है। मामले में गुरुग्राम और बेंगलुरु से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मेहरौली थाना क्षेत्र में लगातार अवैध शराब की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम लगातार गश्त, निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने में लगी हुई थी। इसी दौरान 18 मई 2026 को पुलिस ने गश्त के दौरान एक टेंपो को रोककर जांच की, जिसमें 63 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं। वाहन चला रहे आरोपी अखिलेश कुमार सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह उपेंद्र सिंह और उसके बेटे अंकित सिंह के कहने पर अवैध शराब को ओखला रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने का काम करता था। इसके बाद पुलिस ने राजपुर खुर्द स्थित आरोपियों के ठिकाने पर छापा मारकर 11 और पेटियां बरामद कीं तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह गुरुग्राम से शराब मंगाकर दिल्ली के रेलवे पार्सल बुकिंग केंद्रों तक पहुंचाता था। वहां शराब की खेप को एलईडी टीवी और इलेक्ट्रॉनिक सामान बताकर बेंगलुरु भेजा जाता था। आरोपियों की निशानदेही पर एक इनोवा कार से भी 6 पेटियां अवैध शराब बरामद की गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की एक टीम बेंगलुरु भेजी गई, जहां यशवंतपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से 74 पेटियां अवैध शराब बरामद की गईं। कर्नाटक आबकारी विभाग को शराब सौंपकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पिछले डेढ़ साल से इस तरीके से शराब की तस्करी कर रहे थे। गिरोह निजी लॉजिस्टिक कंपनियों और रेलवे पार्सल सेवाओं का इस्तेमाल कर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता
इस कार्रवाई को इंस्पेक्टर केदार, एसआई अमित कुमार, एएसआई सुनील कुमार, एएसआई रवि कौशिक सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने अंजाम दिया। पूरी कार्रवाई एसीपी मेहरौली की निगरानी में तथा SHO इंस्पेक्टर रितेश कुमार के नेतृत्व में की गई।
बरामदगी
दिल्ली से 80 पेटियां अवैध शराब
बेंगलुरु से 74 पेटियां अवैध शराब
एक टेंपो और एक इनोवा कार जब्त
कुल बरामद शराब की कीमत लगभग ₹1.50 करोड़
गिरफ्तार आरोपी
अखिलेश कुमार सिंह (34 वर्ष), पहाड़गंज निवासी
उपेंद्र सिंह (45 वर्ष), राजपुर खुर्द निवासी
अंकित सिंह (23 वर्ष), राजपुर खुर्द निवासी
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल (IPS) ने बताया कि संगठित अपराध और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा पूरे नेटवर्क की वित्तीय लेन-देन और अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच की जा रही है।

